हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में अवस्थापना विकास कार्यों को गति देने के साथ ही मेला प्रशासन ने योजनाओं को स्थानीय आवश्यकताओं और लोगों के सुझावों के अनुरूप अंतिम रूप देने की पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार को शंकर आश्रम चौक से ज्वालापुर रेलवे स्टेशन और जटवाड़ा पुल क्षेत्र तक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और नागरिकों से संवाद कर सुझाव एवं प्रतिक्रिया ली।
जनसुझाव के आधार पर सड़क और फुटपाथ विकास को प्राथमिकता
शंकर आश्रम चौक और अवधूत मंडल मार्ग पर सड़क सुधार तथा फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर सड़क के मध्य विभाजक की चौड़ाई नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि प्रमुख मंदिरों और महत्वपूर्ण स्थलों तक श्रद्धालुओं तथा स्थानीय नागरिकों के लिए सुगम पैदल आवागमन सुनिश्चित करने को फुटपाथ विकसित किए जा रहे हैं। उपयुक्त स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए।
मेलाधिकारी ने चौराहों के सुधार में स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने तथा शौचालय और सतही पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने में जनप्रतिनिधियों से सहयोग मांगा। स्थानीय मांग पर अवधूत मंडल मार्ग के मध्य रेलिंग और प्रकाश खंभे लगाने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ज्वालापुर रेलवे स्टेशन और जटवाड़ा पुल क्षेत्र में कार्यों की समीक्षा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
भगत सिंह चौक पर उन्होंने सड़क सुधार, फुटपाथ और सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी ली तथा नालों की सफाई और आवश्यकता के अनुसार उन्हें ढकने के निर्देश दिए। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन और जटवाड़ा पुल क्षेत्र में भी उन्होंने प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा कर उन्हें निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने को कहा। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने जनसुझावों के आधार पर विकास कार्य कराने की पहल की सराहना की।
