गाजियाबाद (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। इसके लिए 22 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से इन्ग्राहम इंटर कॉलेज, हापुड़ रोड, राजनगर से मतदान दलों को रवाना किया गया। जनपद में कुल 13 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
13 मतदान केंद्रों पर आज होगा मतदान, डीएम ने दिए निर्देश
मतदान दलों के प्रस्थान के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण तथा व्यवस्थित ढंग से निर्वाचन संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मतदान समाप्त होने तक मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन पर प्रतिबंध लागू रहेगा तथा निर्धारित निर्देशों के अनुसार शुष्क दिवस का पालन कराया जाएगा। पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश भी अनुमन्य किया गया है।
मतदान के बाद दलों की वापसी 23 अक्टूबर को शाम पांच बजे के बाद निर्धारित स्थल पर होगी। सीलबंद मतपेटिकाएं और निर्वाचन संबंधी अभिलेख संबंधित उप जिलाधिकारियों के माध्यम से जमा कराए जाएंगे। इसके बाद पुलिस अभिरक्षा में इन्हें मेरठ स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के निर्धारित स्ट्रांग रूम में पहुंचाया जाएगा।
नियंत्रण कक्ष स्थापित, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि लोनी, कैलाशवत्ती इंटर कॉलेज, नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज मकनपुर, जिला उद्योग केंद्र, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, इन्ग्राहम इंटर कॉलेज, शंभू दयाल इंटर कॉलेज, नगर निगम क्षेत्रीय कार्यालय विजयनगर, रजापुर विकास खंड कार्यालय, श्री हंस इंटर कॉलेज मुरादनगर, साइंस एंड कॉमर्स कॉलेज मोदीनगर, महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज गोविंदपुरी और भोजपुर विकास खंड कार्यालय में मतदान की व्यवस्था की गई है। इन केंद्रों पर स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के निर्धारित मतदेय स्थलों के अनुसार मतदान होगा।
निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान और समस्याओं के निस्तारण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. राजीव कुमार श्रीवास्तव को इसका प्रभारी बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0120-2820619 और प्रभारी का मोबाइल नंबर 8707772563 है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
