हरिद्वार (शिखर समाचार)। भारी बारिश के दौरान रावली महदूद क्षेत्र में पुलिया के पास खेल रही दो बालिकाएं पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गईं। इनमें सात वर्षीय हिमानी को स्थानीय लोगों की मदद से सकुशल बाहर निकाल लिया गया, जबकि छह वर्षीय विदिशा पानी के तेज बहाव में बह गई। बालिका की तलाश में पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल की टीमें लगातार बचाव एवं तलाश अभियान चला रही हैं।
एक बालिका सुरक्षित निकली, दूसरी तेज बहाव में बही
पुलिस के अनुसार डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि कृपाल स्कूल के पास पुलिया के निकट दो बालिकाएं बारिश के पानी के तेज बहाव में बह गई हैं। सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से हिमानी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं विदिशा पुत्री गौतम कुमार, निवासी ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, थाना कोतवाली देहात, बिजनौर, हाल निवासी कृपाल स्कूल के पास रावली महदूद, तेज बहाव में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम और राज्य आपदा मोचन बल की टीम ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। बीती रात से घटनास्थल और नाले के आसपास के संभावित स्थानों पर लगातार सघन खोजबीन की जा रही है। उपलब्ध संसाधनों के साथ स्थानीय लोगों की मदद भी ली जा रही है। बालिका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
बारिश में बच्चों को नालों और तेज बहाव से दूर रखें
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बारिश के दौरान बच्चों को बरसाती नालों, पुलियाओं और जलभराव वाले स्थानों के आसपास न जाने दें तथा तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास न करें।
