विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर प्रशासन की नजर, 13 केंद्रों पर 42 मतदेय स्थल तैयार

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Administration Reviews Preparations for Legislative Council Elections; 42 Polling Stations Ready at 13 Centers IMAGE CREDIT TO: सूचना विभाग

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने 22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर में मतदान दलों की रवानगी और निर्वाचन सामग्री वितरण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मतदान दलों को निर्धारित सूची के अनुसार सामग्री उपलब्ध कराने और उसका भली-भांति मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

13 मतदान केंद्रों पर 42 मतदेय स्थलों में होगा मतदान

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी आवश्यक अभिलेखों और व्यवस्थाओं को समय से पूरा कर मतदान दलों को निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया जाए, ताकि मतदान कार्मिक समय पर पहुंचकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर सकें। जनपद गौतमबुद्धनगर में निर्वाचन के लिए कुल 13 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 25 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 17 मतदेय स्थल शामिल हैं। इस प्रकार कुल 42 मतदेय स्थलों पर मतदान कराया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और निर्वाचन कार्मिकों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।

निर्वाचन सामग्री और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

उन्होंने निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने, सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित वापस लाकर तय स्थान पर जमा कराने की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने पर जोर दिया, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment