गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने लोनी क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। ग्राम खड़खड़ी में नियमों को ताक पर रखकर बसाई जा रही एक अवैध कॉलोनी के निर्माण को जीडीए के प्रवर्तन दस्ते ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों और कॉलोनाइजरों ने जमकर विरोध और हंगामा किया, लेकिन पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया को पूरा कराया।
खड़खड़ी में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर
प्रवर्तन जोन-08 के प्रभारी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं के तहत यह कार्रवाई की गई। टीम ने ग्राम खड़खड़ी स्थित खसरा संख्या-1414 पर जय सिंह और निर्दोष कसाना द्वारा अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी पर छापा मारा। मौके पर बनाई जा चुकी 2 बाउंड्रीवॉल और एक साइट ऑफिस को बुलडोजर की मदद से जमींदोज कर दिया गया।
विरोध और हंगामे के बीच पूरी हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कॉलोनाइजरों और स्थानीय निवासियों ने प्रवर्तन दल का कड़ा विरोध किया और काम रोकने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद प्राधिकरण पुलिस बल ने विरोध कर रहे लोगों को पीछे खदेड़ा और स्थिति को काबू में रखा। इसके बाद प्रवर्तन जोन-08 के पूरे स्टाफ और पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई संपन्न कराई गई।
जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए अवैध प्लॉटिंग या निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगामी महीनों में भी लोनी समेत पूरे जिले में अवैध निर्माणों को सील करने और ध्वस्त करने का सघन अभियान लगातार जारी रहेगा।
