हरिद्वार (शिखर समाचार)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगनहर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स हरिद्वार की संयुक्त टीम ने दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 960 नशीले कैप्सूल और 500 टैबलेट बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ गंगनहर कोतवाली में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम की चेकिंग में भागने का प्रयास, दो गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गंगनहर क्षेत्र में संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर दो व्यक्ति सकपकाकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान विनिश परमार के कब्जे से एक थैला बरामद हुआ। इसमें डाइसाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड, ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड और एसिटामिनोफेन के 960 कैप्सूल तथा अल्प्राजोलम 0.5 मिलीग्राम की 500 टैबलेट मिलीं। पूछताछ में सामने आए तथ्यों और बरामद नशीली दवाओं की बिक्री में कथित संलिप्तता के आधार पर पुलिस ने बंटी उर्फ सुमित को भी हिरासत में लिया।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंगनहर कोतवाली में मुकदमा संख्या 346/2026, एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनिश परमार पुत्र धर्मवीर निवासी शिवपुर, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर और बंटी उर्फ सुमित पुत्र मोहकम निवासी मुबारिकपुर अलीपुर, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हरीश गैरोला, कांस्टेबल अजय बिष्ट, हेड कांस्टेबल रियाज अली और कांस्टेबल नितुल यादव शामिल रहे।
