देहरादून (शिखर समाचार)। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से रविवार को जय कम्युनिटी सेंटर सेलाकुई और पीएम श्री शहीद सत्येंद्र चौहान अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज में बहुउद्देशीय विधिक सेवाएं एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 40 से अधिक सरकारी विभागों और गैर सरकारी संस्थाओं ने स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। आयोजकों के अनुसार शिविर से 2000 से अधिक लाभार्थी लाभान्वित हुए, जबकि करीब 3500 लोगों ने इसमें भाग लिया।
विधिक जागरूकता शिविर में 3500 लोगों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता, कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश हरीश कुमार गोयल, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय आरके खुल्बे, सदस्य सचिव उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण प्रदीप कुमार मणि, जिलाधिकारी आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन पदाधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
संस्कृति विभाग के कलाकारों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किए। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक किया। मुख्य न्यायाधीश ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए युवाओं को नशे से बचाने का आह्वान किया और उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट, दिव्यांगजनों को बांटे उपकरण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
शिविर में चार विद्यालयों को कंप्यूटर, यूपीएस और प्रिंटर तथा पांच विद्यालयों को आरओ वाटर प्यूरीफायर दिए गए। वर्ष 2025-26 में कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। जरूरतमंदों को स्कूल बैग, स्टेशनरी, ट्रैक सूट, कंबल, चिकित्सा किट, महालक्ष्मी किट और बेबी किट प्रदान की गईं। दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकर और श्रवण यंत्र भी वितरित किए गए। स्वच्छता में सहयोग करने वाले 12 पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया।
मुख्य न्यायाधीश ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य शिविर में शुगर, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन और ईसीजी जांच के साथ निशुल्क दवा वितरित की गई। दंत जांच तथा नेत्र परीक्षण कर जरूरतमंदों को चश्मे भी दिए गए। सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक न्याय तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
