हापुड़ (शिखर समाचार)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत मंगलवार को एसएसवी डिग्री कॉलेज हापुड़ में सत्र 2026-27 के लिए परिचय एवं मार्गदर्शन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कविता मीना ने प्रतिभाग कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत संघ लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित भारतीय प्रशासनिक सेवा और प्रांतीय सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा तथा साक्षात्कार के लिए योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
सफलता के लिए नियमित अध्ययन और अनुशासन जरूरी
उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत आवश्यक है। विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए पूरी गंभीरता और लगन के साथ अपनी तैयारी करनी चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सही दिशा में की गई मेहनत और समय का बेहतर प्रबंधन विद्यार्थियों को लक्ष्य हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विद्यार्थियों को योजना की प्रशिक्षण व्यवस्था की दी जानकारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के उद्देश्य, प्रशिक्षण व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को भी सुना और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
