संदूक में बंद मिले दो मासूम, अपहरण के प्रयास की आशंका से मचा हड़कंप

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Two children found locked inside a trunk; panic spreads amid suspicion of attempted kidnapping — IMAGE CREDIT TO POLICE

शामली (शिखर समाचार)।

शहर के जैन मोहल्ला स्थित लाल गली में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब छत पर खेल रहे दो मासूम बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में एक संदूक के अंदर बंद मिले। घटना के बाद परिजनों ने बच्चों के अपहरण के प्रयास की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

छत पर खेलते हुए लापता हुए बच्चे

ALSO READ:https://zeenews.india.com/hindi/india/up-uttarakhand/ghaziabad/photo-gallery-gda-decided-in-meeting-10-crossings-widened-and-beautified-in-ghaziabad/2875019

जानकारी के अनुसार, जैन मोहल्ला लाल गली निवासी अंकित के मकान की तीसरी मंजिल पर उनकी बहन प्रीति कपड़े धो रही थीं। उसी दौरान अंकित का पांच वर्षीय पुत्र हर्षित और प्रीति की सात वर्षीय पुत्री माहफी छत पर खेल रहे थे। कपड़े धोने के बाद प्रीति नीचे चली गईं, जबकि दोनों बच्चे छत पर ही मौजूद थे। काफी देर तक बच्चे नीचे नहीं आए तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन वे छत पर नहीं मिले। इसके बाद कमरे में रखे एक संदूक की जांच की गई तो उसमें दोनों बच्चे अर्द्धबेहोशी की हालत में पड़े मिले।

संदूक में मिले बच्चे, युवक पर अपहरण के प्रयास का आरोप

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/

परिजनों ने तत्काल बच्चों को संदूक से बाहर निकालकर पानी के छींटे मारे, जिसके बाद दोनों को होश आया। बच्ची माहफी ने परिजनों को बताया कि एक युवक छत पर आया था, जिसने काली टी-शर्ट और लोअर पहन रखा था तथा उसके हाथ में कड़ा था। बच्ची के अनुसार, युवक दोनों बच्चों को पड़ोस की छत पर ले जाने का प्रयास कर रहा था। बच्चों द्वारा शोर मचाने पर उसने उनका मुंह दबा दिया और बाद में कमरे में रखे संदूक में बंद कर मौके से फरार हो गया।

संदिग्ध महिला हिरासत में, पुलिस जांच जारी

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/

घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। इसी दौरान मोहल्लेवासियों ने गली में घूम रही एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। परिजन बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है तथा हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article
Leave a comment