गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध शिकायत निस्तारण के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक फरियादी की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उसका उचित समाधान किया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप कमजोर, गरीब और असहाय लोगों की विशेष रूप से सहायता की जाए। ऐसे पात्र व्यक्तियों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में मानवीय दृष्टिकोण अपनाएं और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे पीड़ित व्यक्ति को समय पर राहत मिल सके।
जनसुनवाई का उद्देश्य शिकायतों का प्रभावी समाधान : डीएम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी समाधान करना है। इसलिए सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें और उनकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
