——उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर प्रवर्तन टीम की कार्रवाई, अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रखने का ऐलान
देहरादून (शिखर समाचार)। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने शहर में अवैध एवं अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने धौरण रोड स्थित आईटी पार्क क्षेत्र और सहस्त्रधारा रोड पर तीन अलग-अलग स्थानों पर नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण कार्यों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्वीकृत मानचित्रों में निर्धारित प्रावधानों से हटकर भवन निर्माण करने और बिना मानचित्र स्वीकृति के व्यावसायिक दुकानों का निर्माण करने के मामले सामने आए। प्राधिकरण ने संबंधित मामलों में नियमानुसार वाद योजित करने और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सीलिंग की कार्रवाई की। एमडीडीए की इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मचा रहा।
प्राधिकरण की पहली कार्रवाई धौरण रोड स्थित आईटी पार्क क्षेत्र के दून डिवाइन परिसर में की गई। यहां मैसर्स युग रियल एलएलपी (देवेश वरयानी) द्वारा छह स्वीकृत मानचित्रों के तहत प्रस्तावित निर्माणों को आपस में जोड़कर एक भवन के रूप में विकसित किया जा रहा था। प्राधिकरण के अनुसार, स्वीकृत मानचित्रों से विचलन करते हुए फ्लैट बनाने के उद्देश्य से निर्माण कार्य किया जा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण ने उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास) अधिनियम के प्रावधानों के तहत वाद योजित किया और नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए संबंधित निर्माण को सील कर दिया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई सहस्त्रधारा रोड स्थित मंदाकिनी विहार में की गई। यहां शुभ्रा राय द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के तीन दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण की ओर से संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने और निर्माण से जुड़े आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए कई अवसर दिए गए, लेकिन संतोषजनक जवाब और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके बाद प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को सील कर दिया। इसी क्रम में सहस्त्रधारा रोड पर नॉर्थ साइड सिटी पार्क के निकट साहनी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के चार दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। इस मामले में भी प्राधिकरण ने नियमानुसार वाद योजित कर वैधानिक प्रक्रिया अपनाई और मौके पर पहुंचकर संबंधित निर्माण को सील कर दिया। इस प्रकार सहस्त्रधारा रोड पर ही सात दुकानों के अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने के लिए भवन निर्माण संबंधी नियमों का पालन अनिवार्य है। बिना मानचित्र स्वीकृति के भवन, दुकान अथवा व्यावसायिक परिसर का निर्माण करना और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य कराना नियोजन व्यवस्था का उल्लंघन है। प्राधिकरण की ओर से ऐसे मामलों की नियमित निगरानी की जा रही है और शिकायत अथवा जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
नियोजित विकास से समझौता नहीं, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों का सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। प्रत्येक निर्माण कार्य निर्धारित भवन उपविधियों और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप होना चाहिए। बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण करना अथवा स्वीकृत मानचित्र में मनमाने ढंग से बदलाव करना नियमों का उल्लंघन है। प्राधिकरण ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रख रहा है और अनाधिकृत निर्माण सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भवन निर्माणकर्ताओं और आमजन से अपील की कि किसी भी भवन, दुकान या व्यावसायिक परिसर का निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के व्यवस्थित विकास में बाधा बनने वाले अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नियमित निगरानी के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई : मोहन सिंह बर्निया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध एवं अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध नियमित निगरानी के साथ प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। बिना मानचित्र स्वीकृति अथवा स्वीकृत मानचित्र से विचलन के मामलों में नियमानुसार वाद योजित कर संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है। निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सीलिंग सहित आवश्यक कार्रवाई की जाती है। उन्होंने निर्माणकर्ताओं से अपील की कि सभी जरूरी स्वीकृतियां प्राप्त करने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू करें, ताकि भविष्य में कानूनी कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
