गाजियाबाद (शिखर समाचार)। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की अपराध शाखा ऑपरेशनल टीम ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर बिक्री करने की तैयारी में जुटे लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री यानी विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की कुल मात्रा 18 क्विंटल 72 किलो 800 ग्राम बताई गई है, जिन्हें 80 प्लास्टिक के बोरों में भरकर रखा गया था।
18 क्विंटल से अधिक पटाखों के साथ तीन अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, बरामद पटाखे अलग-अलग प्रकार के हैं और उनका भंडारण बिक्री के उद्देश्य से किया गया था। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का अवैध तरीके से भंडारण किए जाने से आसपास के क्षेत्र में गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई थी। अपराध शाखा की ऑपरेशनल टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया और बरामद सामग्री को कब्जे में ले लिया।
पटाखों की खेप और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की जांच शुरू
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पटाखों की खेप कहां से लाई गई थी और इन्हें किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गाजियाबाद पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
