गाजियाबाद (शिखर समाचार)। अनधिकृत रूप से संचालित बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने ऑपरेशन कवच 2.0 के तहत लगातार दूसरे दिन भी सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर मंगलवार को विभाग की विभिन्न टीमों ने जनपद के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों, बस अड्डों तथा अन्य चिन्हित स्थानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान अनधिकृत रूप से संचालित बसों की जांच की गई। परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने और वैध अभिलेखों के बिना संचालित पाए जाने पर 13 बसों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए कुछ वाहनों को बंद किया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन विनीत कुमार मिश्र ने बताया कि यह अभियान अनधिकृत बस संचालन पर प्रभावी रोक लगाने और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। कार्रवाई में प्रवर्तन अधिकारियों विनीत कुमार मिश्र, अमित राजन राय, अंकिता शुक्ला और आकांक्षा सिंह पटेल की टीम शामिल रही।
अनधिकृत बसों पर कार्रवाई, 13 बसों के चालान
इसके साथ ही राष्ट्रीय हरित अधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 10 वर्ष पुराने डीजल और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल वाहनों को चिन्हित किया गया। कुल 32 आयु सीमा पूर्ण वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें पंजीकृत वाहन कबाड़ सुविधा केंद्र के माध्यम से कबाड़ कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुराने वाहनों को कबाड़ कराने के लिए जागरूकता अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विभाग की ओर से आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों को कबाड़ कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आवासीय कल्याण संघों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की गई। अधिकारियों ने लंबे समय से सोसाइटियों और अपार्टमेंट परिसरों में खड़े अनुपयोगी वाहनों को चिन्हित कर उनके स्वामियों को पंजीकृत केंद्रों पर कबाड़ कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
