गंगोह/सहारनपुर (शिखर समाचार)।
क्षेत्र में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है, जिसमें कश्यप समाज के लोग गंगोह विधायक किरत सिंह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकालते दिखाई दे रहे हैं।
इलाज में मदद न मिलने का आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गांव बिलासपुर निवासी भोपाल सिंह कश्यप की कैंसर पीड़ित पत्नी संयोगिता कश्यप के इलाज में मदद करने के बजाय विधायक उनके विरोधियों का साथ दे रहे हैं। इसी के विरोध में परिजन और समाज के लोग जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर आर्थिक सहायता की मांग की।
पीड़ित संयोगिता कश्यप ने बताया कि इलाज के चलते परिवार अपनी संपत्ति तक बेच चुका है और अब उनके पास आय का कोई स्थायी साधन नहीं बचा है। परिवार मजदूरी कर किसी तरह गुजर-बसर कर रहा है। ऐसे में उन्होंने मुख्यमंत्री से इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, आश्वासन मिला
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी के उपलब्ध न होने पर प्रदर्शनकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्वासन दिया कि उनका ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में अनुज कश्यप (उपाध्यक्ष), अजय मेहरा (अध्यक्ष, राष्ट्रीय कश्यप क्रांति), मांगेराम कश्यप, बृजमोहन कश्यप, शिवानी कश्यप, सरिता कश्यप, शिव कुमार कश्यप सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
वहीं, विधायक किरत सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे उनका चरित्र हनन करने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि वे इन लोगों को जानते तक नहीं हैं और न ही कभी उनसे कोई मिलने आया है। विधायक ने कहा कि उनके दरवाजे हमेशा जनता के लिए खुले रहते हैं और वे हर व्यक्ति की समस्या सुनकर न्याय दिलाने का प्रयास करते हैं।
