हापुड़ (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी कविता मीना ने रविवार को एफएलसी सेंटर का औचक निरीक्षण कर इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनों और मतदाता सत्यापन योग्य पेपर ऑडिट ट्रेल मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मशीनों की जांच प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी, विद्युत व्यवस्था तथा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के अभियंताओं द्वारा की जा रही तकनीकी जांच को बारीकी से देखा।
पारदर्शिता के साथ कराई जाए ईवीएम और वीवीपैट की जांच
जिलाधिकारी ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रथम स्तरीय जांच का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाए। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पर विश्वास और पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने एफएलसी सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए और बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाए। साथ ही परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे पूरी तरह क्रियाशील रहने चाहिए, ताकि प्रत्येक गतिविधि की निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन में लापरवाही न बरतने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने तकनीकी जांच में लगे अभियंताओं से प्रक्रिया की जानकारी ली और अधिकारियों से कहा कि प्रथम स्तरीय जांच के दौरान निर्वाचन आयोग के सभी निर्धारित मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और पूरी प्रक्रिया का व्यवस्थित अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाए।
