इंदिरापुरम में सीएम ग्रिड फेस-2 के काम में तेजी के निर्देश

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
"Directions to accelerate CM Grid Phase-2 work in Indirapuram" IMAGE CREDIT TO नगर निगम

———-नगर आयुक्त ने अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ की समीक्षा, 15 दिन में लेवलिंग पूरा करने की समय सीमा तय

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद नगर निगम की ओर से इंदिरापुरम में चल रहे विकास कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सोमवार को इंदिरापुरम पहुंचकर सीएम ग्रिड फेस-2 सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों के साथ समीक्षा की। उन्होंने सीएम ग्रिड फेस-2 के कार्यों में अपेक्षित तेजी नहीं आने पर संबंधित ठेकेदारों को अंतिम चेतावनी देते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी और उनकी टीम को लेवलिंग का कार्य 15 दिन में पूरा करने की समय सीमा दी गई।

यूटिलिटी का कार्य पूरा, अब लेवलिंग पर जोर

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

नगर आयुक्त ने बताया कि समीक्षा बैठक में निर्माण, जलकल, प्रकाश, उद्यान और स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। सीएम ग्रिड फेस-2 के कार्य इंदिरापुरम के साथ वैशाली और कौशांबी में भी चल रहे हैं। यूटिलिटी का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि मुख्य नालियों के निर्माण और लेवलिंग का कार्य प्रगति पर है। लेवलिंग तेजी से पूरी होने से यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 100-100 मीटर के हिस्से को पूर्ण रूप से तैयार करते हुए कार्य को अंतिम चरण तक पहुंचाया जाए। संबंधित ठेकेदारों को श्रमिक और मशीनरी बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।

विभिन्न विभागों के कार्यों की हुई समीक्षा

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

बैठक में निर्माण विभाग के 18 कार्यों की समीक्षा की गई, जिनमें नाला और आरसीसी सड़क निर्माण शामिल हैं। जलकल विभाग के 28 कार्यों में पानी की आपूर्ति के लिए पंप लगाने और पाइप लाइन बिछाने के कार्यों पर चर्चा हुई। उद्यान विभाग के 17 कार्यों में हरित पट्टी और पार्कों के विकास की समीक्षा की गई। प्रकाश विभाग के करीब 58 कार्य लगभग पूरे होने की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की भी नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

नगर आयुक्त ने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों को अंतिम चेतावनी दी। उन्होंने वसुंधरा जोन के प्रभारी को इंदिरापुरम में अतिक्रमण पर विशेष निगरानी रखने तथा अवैध रूप से मार्ग बाधित करने वाले पटरी विक्रेताओं को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। यातायात सुचारू रखने के लिए नियमित अभियान चलाने को कहा गया। बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, प्रभारी उद्यान अनुज, महाप्रबंधक जल केपी आनंद, नगर स्वास्थ्य अधिकारी मिथिलेश, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment