मुरादनगर में अवैध कॉलोनी पर चला जीडीए का बुलडोजर

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
"GDA's bulldozer runs on illegal colony in Muradnagar" IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण"GDA's bulldozer runs on illegal colony in Muradnagar" IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

————17 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में सड़क और चारदीवारी समेत अवैध निर्माण ध्वस्त, विरोध के बीच जारी रही कार्रवाई

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मुरादनगर और मोदीनगर क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम ने ग्राम रोरी में मंगल विहार कॉलोनी के पीछे करीब 17 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में सड़क निर्माण के लिए की जा रही मिट्टी भराई का कार्य बंद कराया। प्राधिकरण के अनुसार मुकेश ठाकुर, गौरव चौहान, एमजी प्रॉपर्टीज, जितेंद्र कुमार और सुनील व्यास द्वारा उक्त भूमि पर बिना स्वीकृति के कॉलोनी विकसित करने की तैयारी की जा रही थी। खसरा संख्या 922, 923 और 924 की भूमि पर सड़क निर्माण के लिए मिट्टी भराई का कार्य चल रहा था। मौके पर निर्माण से संबंधित स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया।

अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

इसी प्रकार ग्राम बेगमाबाद, बुदाना स्थित महेश पार्क के समीप खसरा संख्या 884 में करीब 200 वर्ग मीटर क्षेत्र में पिलर खड़े करने और दीवार की चिनाई का कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण ने अमित और संजय गर्ग को निर्माण कार्य तत्काल बंद करने की हिदायत दी। जीडीए की टीम ने अवैध कॉलोनी में बनाई गई आरसीसी सड़कों, चारदीवारी और प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा महेश मार्ग पर किए गए अवैध दुकानों के निर्माण को भी ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी।

जीडीए उपाध्यक्ष की चेतावनी और आगे का अभियान

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने तथा अवैध निर्माण की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। जीडीए अधिकारियों ने बताया कि आगामी माह में भी विभिन्न क्षेत्रों में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

Share This Article
Leave a comment