मोदीनगर (शिखर समाचार)। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने शुक्रवार दोपहर दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित सीएमडी सभागार में एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति के लिए नियमों में बदलाव किया गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह तथा मुख्य चुनाव आयुक्त मिलकर देश में ‘वोट चोरी’ कर रहे हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान रागिनी नायक ने दावा किया कि वोट चोरी की प्रक्रिया को अंजाम देने के लिए चयन समिति से देश के मुख्य न्यायाधीश को बाहर कर दिया गया और उनकी जगह केंद्रीय मंत्री को शामिल करके नेता प्रतिपक्ष को अल्पमत में लाने का षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर देश भर में 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और हटाए गए 13 करोड़ मतदाताओं के नाम दोबारा सूची में जोड़े जाने की मांग को लेकर सड़क से लेकर संसद तक कड़ा संघर्ष कर रही है।
दिल्ली महारैली को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित ‘देश बचाओ-वोट बचाओ’ महारैली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस विशाल जनसभा में लगभग 10 लाख लोग शामिल होंगे, जिसमें गाजियाबाद से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम जनता पहुंचेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस रैली से भाजपा सरकार बौखला गई है और कभी व्यापारियों को आगे कर तो कभी अन्य हथकंडों के जरिए इसे रोकने का षड्यंत्र रच रही है।
बूथ स्तर पर ‘बूथ रक्षक’ तैनात करेगी कांग्रेस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि वोट चोरी रोकने के लिए पार्टी अब बूथ स्तर पर ‘बूथ रक्षक’ तैनात करेगी। ये रक्षक घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और वोटर लिस्ट में उनके नाम की जांच करेंगे। इसके प्रति जनसाधारण को जागरूक करने के लिए गांवों में विशेष चौपालों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुनील शर्मा, प्रदेश के पूर्व महामंत्री अजय चौधरी, नगर अध्यक्ष बृजेश सैन, कल्पना सिंह और चांदवीर चौधरी सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
