सहारनपुर (शिखर समाचार)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के साथ ही सहारनपुर जनपद के 2,72,986 किसानों के बैंक खातों में 54 करोड़ 59 लाख 72 हजार रुपये की धनराशि पहुंच गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम से देशभर के किसानों के खातों में सम्मान निधि हस्तांतरित की। शुक्रवार को इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार सहित जनपद के सभी विकासखंडों में किया गया, जहां किसानों ने कार्यक्रम से जुड़कर किस्त जारी होने की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी न्यायिक रामआसरे वर्मा ने की। इस दौरान 185 किसान लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। अपर जिलाधिकारी ने किसानों को 24वीं किस्त के प्रमाण पत्र वितरित किए। इसके साथ ही किसानों को निःशुल्क उड़द बीज मिनीकिट देकर सम्मानित किया गया।
डीबीटी के माध्यम से भेजे गए 54.59 करोड़ रुपये
उप कृषि निदेशक संदीप पाल ने बताया कि योजना के अंतर्गत जनपद के कुल 2,72,986 पात्र किसानों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 54,59,72,000 रुपये भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि से किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक सहायता मिलती है।
किसानों को कृषि योजनाओं और सुविधाओं की दी जानकारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभाग की विभिन्न योजनाओं, कृषि संबंधी सुविधाओं और सरकारी सहायता की जानकारी दी। अधिकारियों ने किसानों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर सोनी कुशवाहा, रविंद्र बर्नवाल, नौरतु सिंह बादल, महक सिंह सहित कुल 185 किसानों ने प्रतिभाग किया। जनपद के सभी विकासखंडों में भी कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी, जिससे अधिक से अधिक किसान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ सके।
