कुंभ-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, मेलाधिकारी ने चार प्रमुख क्षेत्रों का किया निरीक्षण

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
Preparations for Kumbh-2027 Gather Pace as Mela Officer Inspects Four Key Areas. IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को बैरागी कैंप, नया टापू, सती द्वीप, दक्ष द्वीप और कनखल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने शिविर स्थलों पर भूमि की सफाई, समतलीकरण, अस्थायी संपर्क मार्गों, बिजली और पेयजल आपूर्ति सहित सेक्टर योजना के अनुरूप विकसित की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने सेक्टर-12 स्थित नया टापू तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग को बेहतर बनाने तथा आवागमन की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा।

पुल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

मेलाधिकारी ने सतीघाट से बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए निर्माणाधीन 48 मीटर लंबे पैदल पुल का निरीक्षण किया। इसके अलावा दक्ष द्वीप और बैरागी कैंप के बीच बन रहे 60 मीटर स्पान के स्टील गर्डर डबल लेन पुल की प्रगति भी देखी। उन्होंने दोनों कार्यों में तेजी लाने और निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। दरिद्रभंजन महादेव मंदिर के समीप मायापुर स्कैप चैनल पर प्रस्तावित बैली ब्रिज का निरीक्षण कर निर्माण तत्काल शुरू कराने को कहा। साथ ही पुल से कनखल को जोड़ने वाली सड़क के संकरे हिस्से को चौड़ा करने के लिए संबंधित भूस्वामियों से वार्ता कर आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

घाटों की मरम्मत और सुरक्षा पर जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

बैरागी कैंप क्षेत्र में स्कैप चैनल पर निर्माणाधीन 260 मीटर लंबे घाट का निरीक्षण करने के बाद मेलाधिकारी ने कनखल के विभिन्न सार्वजनिक घाटों की स्थिति भी देखी। उन्होंने घाटों की मरम्मत, सफाई और सौंदर्यीकरण कराने के साथ स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए रेलिंग एवं चेन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कैप चैनल की बंदी अवधि का उपयोग घाटों की सफाई और मरम्मत के लिए किया जाए, जिससे कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ स्नान की सुविधा मिल सके।

श्मशान घाट की सुविधाएं भी होंगी बेहतर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-international-airport-to-begin/

मेलाधिकारी ने दक्ष मंदिर, शीतला माता मंदिर और दरिद्रभंजन मंदिर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कनखल श्मशान घाट क्षेत्र में कुंभ मेला मद से कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, शौचालय निर्माण और अन्य जनसुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनके सुझाव और फीडबैक भी प्राप्त किए।

मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुंभ से संबंधित सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और समयबद्धता के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता सहित ग्रामीण निर्माण विभाग, लोक निर्माण विभाग, पीआईयू, यूपीसीएल और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment