सहारनपुर (शिखर समाचार)। नगर निगम की गृहकर, जलकर और सीवरकर की एकमुश्त समाधान योजना के तहत अब तक 913 करदाताओं ने आवेदन किया है। इनमें 695 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 211 करदाताओं ने बकाया कर जमा कर ब्याज में पूरी छूट का लाभ उठाया है। योजना के तहत अब तक नगर निगम को 52 लाख 83 हजार रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है।
एकमुश्त समाधान योजना और ब्याज में छूट के प्रावधान
कर निर्धारण अधिकारी श्रुति माहेश्वरी ने बताया कि शासन के निर्देश पर 15 अगस्त से शुरू की गई एकमुश्त समाधान योजना के तहत बकाया कर जमा करने वाले करदाताओं को ब्याज में पूरी छूट दी जा रही है। योजना में आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि सितंबर माह में बकाया कर जमा करने वाले करदाताओं को ब्याज में छूट के साथ चालू वित्त वर्ष की मांग पर 20 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट भी दी जाएगी।
शिविरों का आयोजन और ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि अधिक से अधिक करदाताओं को योजना का लाभ पहुंचाने के लिए नगर निगम की ओर से विभिन्न वार्डों में शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में करदाता एकमुश्त समाधान योजना के लिए आवेदन करने के साथ बकाया बिल जमा करा सकते हैं और कर संबंधी आपत्तियों का भी निस्तारण करा सकते हैं। 15 से 30 सितंबर तक अलग-अलग वार्डों में निर्धारित स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने करदाताओं से निर्धारित अवधि में योजना का लाभ उठाने की अपील की। करदाता घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से भी योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।
