देहरादून (शिखर समाचार)। मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल-2026 को भव्य, आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और पर्यटकों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्निवाल के दौरान मसूरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों की सुविधा के लिए साफ-सफाई, सड़क व्यवस्था, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि कार्निवाल केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को देश-विदेश तक पहुंचाने तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने मसूरी के ऐतिहासिक स्मारकों और भवनों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें कार्निवाल के कार्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश दिए। इन स्थलों पर स्थानीय इतिहास, लोक परंपराओं, लोककला और व्यंजनों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि पर्यटक मसूरी और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें।
पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने अन्य पर्यटन क्षेत्रों में आयोजित सफल कार्निवाल और महोत्सवों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर उपयोगी नवाचारों को मसूरी की परिस्थितियों के अनुरूप अपनाने को कहा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन से होटल व्यवसायियों, व्यापारियों, परिवहन सेवा प्रदाताओं और स्थानीय कलाकारों को रोजगार एवं आय के अवसर मिल सकते हैं। सभी विभागों को पर्यटकों की सुविधा, स्थानीय सहभागिता और सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार को ध्यान में रखकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मसूरी नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीरा सकलानी, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, उप नगर आयुक्त गौरव कुमार, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी और सचिव अजय भार्गव, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, पुलिस क्षेत्राधिकारी जगदीश पंत, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रत्नाकर सिंह, नायब तहसीलदार उपेंद्र सिंह राणा, लोक निर्माण विभाग के दीपक कुमार, पेयजल निगम के भीम निराला और आईटीबीपी के अजय प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
