लोकतंत्र की मजबूती का संकल्प, गाजियाबाद में 317 युवाओं ने ली लोकतांत्रिक शपथ

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Pledge to Strengthen Democracy: 317 Young People Take a Democratic Oath in Ghaziabad IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार को एचआरआईटी विश्वविद्यालय में विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, गाजियाबाद की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 317 युवा नागरिकों और विद्यार्थियों ने भाग लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता और जागरूक सहभागिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में राज्यसभा के पूर्व सांसद अनिल अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। स्पोर्ट्स आइकन कार्तिक शर्मा और यूथ आइकन रौनक चौधरी ने भी सहभागिता की। यह आयोजन 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी विकसित भारत युवा संवाद अभियान का हिस्सा था।

विकसित भारत युवा संवाद में 317 युवाओं ने लिया हिस्सा

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

युवाओं को संबोधित करते हुए अनिल अग्रवाल ने लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी और मतदान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा अपने मताधिकार का प्रयोग कर देश के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। विकसित भारत@2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की भूमिका अहम है और प्रत्येक नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

संवाद सत्र के दौरान अनिल अग्रवाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची से संबंधित युवाओं की शंकाओं का समाधान किया। विद्यार्थियों ने शासन व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी, नागरिक जिम्मेदारियों, पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की भूमिका और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जुड़े सवाल पूछे तथा अपने विचार साझा किए।

लोकतांत्रिक शपथ लेकर जिम्मेदार नागरिक बनने का लिया संकल्प

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक शपथ लेकर जिम्मेदार नागरिक बनने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन एचआरआईटी विश्वविद्यालय के कुलपति बी.के. शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजन का संचालन जिला युवा अधिकारी के मार्गदर्शन और समन्वय में किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं प्रक्रियाओं से जोड़कर विकसित भारत@2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

Share This Article
Leave a comment