हरिद्वार (शिखर समाचार)। धर्मनगरी हरिद्वार के दो वरिष्ठ समाजसेवियों जगदीश लाल पाहवा और परमानन्द पोपली को समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित गांधी पीस फाउंडेशन में बियॉन्ड द थर्ड आई न्यूज़ की ओर से आयोजित इम्पैक्ट इंडिया समिट-2026 में देशभर की लगभग 100 समाजसेवी संस्थाओं ने भाग लिया। समारोह में पद्मश्री से सम्मानित कंवल सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान समाज के उत्थान और निःस्वार्थ जनसेवा के लिए समर्पित विभूतियों को सम्मान प्रदान किए गए।
जगदीश लाल पाहवा और परमानन्द पोपली को राष्ट्रीय सम्मान
वरिष्ठ नागरिक महासभा के संस्थापक अध्यक्ष एवं ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया के संरक्षक जगदीश लाल पाहवा को समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए श्रेष्ठ एनजीओ सम्मान पुरस्कार-2026 से अलंकृत किया गया। वहीं, वरिष्ठ समाजसेवी परमानन्द पोपली को भी उनके सराहनीय सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
जगदीश लाल पाहवा लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, सामाजिक जागरूकता, वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सक्रिय हैं। जनहित के कार्यों के प्रति उनका समर्पण समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जाता है।
समाजसेवा को बताया जीवन का संकल्प
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सम्मान प्राप्त करने पर पाहवा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी सहयोगियों, समाजसेवियों और संस्थाओं का सम्मान है, जो निस्वार्थ भाव से समाज की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजसेवा उनके लिए केवल कार्य नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है।
पाहवा ने आयोजन समिति और बियॉन्ड द थर्ड आई न्यूज़ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, वरिष्ठ नागरिकों के हितों की रक्षा और जनकल्याण के कार्य पूरी निष्ठा से जारी रहेंगे। हरिद्वार के दोनों समाजसेवियों को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान क्षेत्र की सामाजिक संस्थाओं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।
