हापुड़ (शिखर समाचार)
शहर की उभरती बैडमिंटन खिलाड़ी दीक्षा मुंडेर ने अपने शानदार प्रदर्शन से हापुड़ का नाम रोशन किया है। बिहार के भागलपुर में 13 दिसंबर से शुरू होने वाली सब जूनियर (अंडर-13) नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में दीक्षा का चयन हुआ है। इस उपलब्धि से हापुड़ के खेलप्रेमियों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
हापुड़ की दीक्षा मुंडेर ने नेशनल बैडमिंटन में जगह बनाई: अंडर-13 टीम में प्रतिनिधित्व करेंगे
गढ़ रोड निवासी पूर्व फौजी की पुत्री दीक्षा मुंडेर ने हाल ही में सहारनपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की थी। उनके इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें नेशनल स्तर के लिए चुना गया है। हापुड़ बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव संजीव गोयल ने जानकारी दी कि दीक्षा उत्तर प्रदेश टीम (अंडर-13) की सदस्य के रूप में सब जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 में हिस्सा लेंगी, जो 13 से 16 दिसंबर तक भागलपुर, बिहार में आयोजित की जाएगी। अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए दीक्षा मुंडेर ने कहा कि उनका सपना नेशनल प्रतियोगिता में मेडल जीतकर हापुड़ और प्रदेश का नाम गौरवान्वित करना है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और कोच को दिया। खेल प्रेमियों ने दीक्षा की इस सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
