ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
ग्रेटर नोएडा के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। पहली बार बिग क्रिकेट लीग का आयोजन ग्रेटर नोएडा खेल परिसर के क्रिकेट मैदान में किया जाएगा। तीन जून से शुरू होकर तेरह जून तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कई दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर चौके-छक्के लगाते नजर आएंगे। दर्शकों के लिए सभी मुकाबलों में स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रहेगा तथा वाहन खड़े करने की भी व्यवस्था की जाएगी।
दिग्गज खिलाड़ियों की होगी मौजूदगी
इस लीग में शिखर धवन, हरभजन सिंह, क्रिस गेल, रॉस टेलर, थिसारा परेरा और तिलकरत्ने दिलशान जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। आयोजन को लेकर क्रिकेट मैदान और आसपास के क्षेत्र में सभी आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह ने संबंधित विभागों की बैठक कर सभी तैयारियां तय समय में पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
शौकिया खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा अवसर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने बताया कि ऑनलाइन यात्रा प्रौद्योगिकी कंपनी ईज माई ट्रिप के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइजी टीमें ट्वेंटी-20 प्रारूप में कुल अठारह मुकाबले खेलेंगी। प्रतियोगिता की मौजूदा विजेता मुंबई मरींस टीम है।
टूर्नामेंट की खास बात यह है कि देशभर से चयनित साठ शौकिया क्रिकेटरों को इन दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा। इनके साथ पूर्व इंडियन प्रीमियर लीग खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होगा प्रसारण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
भारत में इन मुकाबलों का सीधा प्रसारण यूरो स्पोर्ट्स पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल प्रसारण फैनकोड पर उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा लीग से जुड़े नेटवर्क के माध्यम से इस ग्यारह दिवसीय टूर्नामेंट का प्रसारण पच्चीस से अधिक देशों में किया जाएगा।
ईज माई ट्रिप के संस्थापक एवं अध्यक्ष निशांत पिट्टी ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग के साथ साझेदारी बेहद रोमांचक और संतोषजनक रही है।
वहीं बिग क्रिकेट लीग के लीग आयुक्त दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि लीग का उद्देश्य युवाओं को विश्वस्तरीय क्रिकेट मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ महान खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव भी प्राप्त कर सकें।
