हरिद्वार (शिखर समाचार)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में अगस्त माह की अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। सैनिक सम्मेलन के बाद हुई गोष्ठी में जनपद में पिछले माह घटित अपराधों, उनके अनावरण, लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों और विभिन्न स्तरों पर चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लंबित विवेचनाओं और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
एसएसपी ने कहा कि सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी भारतीय न्याय संहिता तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत दर्ज मुकदमों की विवेचना पारदर्शिता के साथ कराएं। लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए गुण-दोष के आधार पर उनका समय से निस्तारण किया जाए। 60 और 90 दिन की समयसीमा वाले मामलों की पुलिस अधीक्षक नगर और देहात स्तर से साप्ताहिक समीक्षा कराने के निर्देश दिए गए।
मानवाधिकार आयोग से संबंधित लंबित जांचों और प्रारंभिक जांचों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया। मुख्यालय और ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि ऑनलाइन शिकायत करने वाले लोगों की समस्याओं को भी गंभीरता से लिया जाए, क्योंकि कई बार पीड़ित व्यक्तिगत रूप से थाने नहीं पहुंच पाता।
त्योहारी सीजन में बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर बढ़ेगी सुरक्षा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बैंकों और सर्राफा प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैंक और सर्राफा व्यापारियों से संपर्क कर सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे चालू रखने को कहा गया। रात्रि गश्त और पुलिस पिकेट को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा सभी थाना प्रभारियों को शाम के समय क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिए गए।
थानों में आने वाले नागरिकों के साथ मधुर व्यवहार करने और महिला फरियादियों की समस्याएं सुनने के लिए महिला उपनिरीक्षक या महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया। अज्ञात शवों की पहचान के लिए सीमावर्ती जनपदों और राज्यों से समन्वय तथा डीसीआरबी को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
गंभीर मामलों में आरोप पत्र या अंतिम रिपोर्ट न्यायालय भेजने से पहले वैज्ञानिक साक्ष्यों का समुचित अध्ययन करने तथा निर्माणाधीन थाना भवनों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए कर्मचारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एसपी अपराध निशा यादव, एसपी देहात अभय सिंह, एसपी सिटी दीपक सिंह सहित क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
