——-174वीं बोर्ड बैठक में आवास, उद्योग, खेल और टाउनशिप से जुड़े प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से लगी मुहर
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की 174वीं बोर्ड बैठक में शहर के भविष्य के विकास को लेकर कई बड़े और महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। मेरठ मंडल आयुक्त एवं बोर्ड अध्यक्ष भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आवासीय योजनाओं, औद्योगिक विकास, बड़े टाउनशिप, भू-उपयोग परिवर्तन, अवस्थापना सुविधाओं, खेल और प्राधिकरण की संपत्तियों के बेहतर उपयोग से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के बाद सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का रास्ता साफ
बैठक में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के स्वामित्व वाली भूमि को भू-संग्रहण के माध्यम से प्राप्त करने तथा स्टेडियम के लिए समझौता ज्ञापन और व्यवहार्यता रिपोर्ट से संबंधित कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। स्टेडियम बनने से गाजियाबाद में खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ होटल, परिवहन, पर्यटन, व्यापार और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
501 हेक्टेयर में आकार लेगी हरनन्दीपुरम योजना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
हरनन्दीपुरम आवासीय योजना के कुल 501.2173 हेक्टेयर क्षेत्रफल से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। प्रथम चरण में भोवापुर और शाहपुर निज मोरटा में 24.1213 हेक्टेयर भूमि के कृषि से आवासीय उपयोग में परिवर्तन को स्वीकृति दी गई। योजना में आवासीय क्षेत्र के साथ वाणिज्यिक, सामुदायिक, सामाजिक, हरित एवं मनोरंजन क्षेत्रों तथा यातायात के लिए भी प्रावधान किया गया है।
इन्दिरापुरम से कोयल एन्क्लेव तक बदलेगा भूमि उपयोग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
इन्दिरापुरम की 5,965.29 वर्गमीटर भूमि को होटल उपयोग से समूह आवास में परिवर्तित करने का प्रस्ताव मंजूर हुआ। कोयल एन्क्लेव और इन्द्रप्रस्थ के कुछ भूखंडों में समूह आवास के स्थान पर भूखंडीय विकास की अनुमति से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति मिली।
औद्योगिक और टाउनशिप विकास को भी हरी झंडी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
वेव सिटी में भू-उपयोग परिवर्तन, 2,420.11 एकड़ क्षेत्र वाली सनसिटी टाउनशिप के प्रथम चरण, हसनपुर लोढ़ा की 13.1568 हेक्टेयर भूमि को औद्योगिक उपयोग में बदलने तथा शाहपुर बम्हैटा की सनराइज ग्रीन एकीकृत टाउनशिप की संशोधित 252.32 एकड़ की परियोजना रिपोर्ट को मंजूरी दी गई। मधुबन-बापूधाम में निर्माणाधीन 198 दो-शयनकक्षीय आवासों की ‘जैसा है जहां है’ के आधार पर ई-नीलामी का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, जिलाधिकारी हापुड़ कविता मीना, जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक सहित अन्य अधिकारी एवं बोर्ड सदस्य उपस्थित रहे।
