गाजियाबाद (शिखर समाचार)। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब नौ बजे हुए जोरदार धमाके से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि चौकी की दो खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में भी दरार आ गई। घटना के समय चौकी में एक उपनिरीक्षक और सामान पहुंचाने आया एक डिलीवरी कर्मचारी मौजूद था। टूटे हुए कांच की चपेट में आने से डिलीवरी कर्मचारी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका, डिलीवरी कर्मचारी घायल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने भी शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली वसुंधरा पुलिस चौकी की पिछली दीवार के पास धमाके की सूचना मिली थी। उस समय वहां एक उपनिरीक्षक और एक डिलीवरी कर्मचारी मौजूद थे। घटना के बाद तत्काल जांच शुरू कर दी गई और मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि बम निरोधक दस्ता, क्षेत्रीय जांच इकाई और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। अभी तक धमाके के वास्तविक कारण का पता नहीं चल पाया है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच और प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि धमाका किस वजह से हुआ।
धमाके की जिम्मेदारी लेने के दावे की भी जांच में जुटीं एजेंसियां
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
घटना के बाद उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता सहित विभिन्न जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। सोशल मीडिया पर एक संगठन द्वारा घटना की जिम्मेदारी लेने संबंधी दावा भी सामने आया है, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहनता से जांच कर रही हैं।
