हरिद्वार (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को भगत सिंह चौक क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात, जल निकासी और साफ-सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चौक एवं आसपास किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने कहा कि चौक पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को चौक क्षेत्र में उगी झाड़ियों की तत्काल कटाई कराने तथा नालों की समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखना आवश्यक है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
अतिक्रमण हटाने और नालों की सफाई के दिए निर्देश
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए जिलाधिकारी ने भगत सिंह चौक से ज्वालापुर की ओर स्थित नाले का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा और आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नाले पर स्लैब डालने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य से यातायात को सुचारु रखने में मदद मिलेगी और चौक पर जाम की स्थिति से भी राहत मिलेगी।
जिलाधिकारी ने चौराहे और आसपास अनावश्यक रूप से लगाए गए होर्डिंग तथा फ्लेक्सी बैनर हटाने के निर्देश भी दिए। साथ ही स्थानीय निवासियों की मांग के अनुरूप वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा, जिससे सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से यातायात प्रभावित न हो।
नाले पर स्लैब और पार्किंग व्यवस्था बनाने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी पवन कार्की सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
