खतौली/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। कई वर्षों के अंतराल के बाद नगर का प्रसिद्ध मेला छड़ियान इस बार निर्धारित समय पर शुरू हो गया है। खतौली नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित मेले का शनिवार देर शाम जाहरवीर गोगा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर उद्घाटन किया गया। समय से मेला शुरू होने को लेकर नगरवासियों में उत्साह और खुशी का माहौल है। उद्घाटन अवसर पर उपजिलाधिकारी ललित मिश्रा, क्षेत्राधिकारी रूपाली राय, अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार सहित पालिका अधिकारी, सभासद और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
वर्षों पुरानी परंपरा से जुड़ा है मेला छड़ियान
पालिका अध्यक्ष हाजी शाहनवाज लालू ने कहा कि मेला छड़ियान नगर की पहचान और वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है। इसे निर्धारित समय पर शुरू कराने के लिए पालिका स्तर पर कई अड़चनों और व्यवस्थागत कारणों को दूर किया गया। लगातार प्रयासों के बाद इस वर्ष मेले का आयोजन समय से संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने नगरवासियों से भयमुक्त होकर मेले में आने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

90 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से होगी मेले की निगरानी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उपजिलाधिकारी ललित मिश्रा ने बताया कि मेला परिसर में सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मेला ठेकेदार गुलफाम ने बताया कि इस बार 90 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। अप्पू घर में झूलों की सुरक्षा के लिए विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाया गया है तथा आपात स्थिति से निपटने के इंतजाम किए गए हैं। उपजिलाधिकारी ने बताया कि पहली बार संकट द्वार बनाया गया है और अग्निशमन दल भी मेले में मौजूद रहेगा। उद्घाटन के दौरान सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। मेले के शुरू होते ही दुकानदारों और झूला संचालकों में भी उत्साह दिखाई दिया।
