हापुड़ (शिखर समाचार)।
जनपद हापुड़ में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कुल 5589 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 2475 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे और प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।
दोनों पालियों में 5589 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। पहली पाली में 2799 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1233 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार दूसरी पाली में 2790 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 1242 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
निष्पक्ष परीक्षा के लिए सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक केंद्र पर अभ्यर्थियों की गहन तलाशी, स्क्रीनिंग तथा पहचान सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई गई। परीक्षा संचालन के लिए नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा नौ स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।
जिलाधिकारी ने केंद्रों का किया निरीक्षण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/minister-asim-arun-jointly-held-review/
जिलाधिकारी कविता मीना ने प्रथम पाली के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पूर्व केंद्र में प्रवेश दिया जाए तथा उनकी स्क्रीनिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी सावधानी से की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र परिसर में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रखा जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा और निर्धारित मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन आगामी दिन भी जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
