———कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं और कालोनाइजरों में मचा हड़कंप, मानचित्र स्वीकृत कराने की चेतावनी
हापुड़ (शिखर समाचार)। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने पिलखुवा विकास क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को बुलडोजर चलाया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मुकेश चन्द्र के निर्देश पर अधिकारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 35,800 वर्ग मीटर क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं और कालोनाइजरों में हड़कंप मच गया।
पांच स्थानों पर हुई कार्रवाई
प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अमित कादियान ने बताया कि ग्राम अचपल गढ़ी में खैरपुर-दहपा मार्ग पर सीताराम सैनी, इलियास और आबिद द्वारा 4,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया गया। खैरपुर मार्ग पर नरेश, मुकेश और शहजाद द्वारा 12,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में की जा रही प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया। इसके अलावा ग्राम अचपल गढ़ी में हरपाल और अनीस द्वारा 3,800 वर्ग मीटर तथा चंडी मंदिर से खैरपुर मार्ग पर रिंकू सैनी द्वारा 4,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया गया। वाल्मीकि चौक से जटपुरा मार्ग पर पंकज सैनी, जगमोहन, आबिद और राशिद द्वारा 12,000 वर्ग मीटर में विकसित की जा रही प्लाटिंग पर भी कार्रवाई की गई।
अवैध निर्माण पर आगे भी होगी कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्रभारी सचिव ने स्पष्ट किया कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध निर्माण और प्लाटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माणकर्ताओं और कालोनाइजरों को तत्काल अवैध गतिविधियां रोककर प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराने के बाद ही निर्माण करने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की टीमें क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग, कालोनियों और निर्माणों को लगातार चिन्हित कर रही हैं। चिन्हित मामलों में सील लगाने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सितंबर माह में भी अलग अलग तिथियों पर अभियान चलाकर अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
