गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भूमि पर कब्जे, राजस्व विवाद, अवैध अतिक्रमण, सार्वजनिक सुविधाओं, पेंशन, राशन कार्ड, जलापूर्ति सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई की वास्तविक स्थिति से भी अवगत कराया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का स्थलीय परीक्षण और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मामलों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि और राजस्व से जुड़े मामलों के साथ-साथ अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड और पेयजल आपूर्ति जैसी आमजन से सीधे जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
भूमि, अतिक्रमण और पेयजल से जुड़ी शिकायतें प्रमुख
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन ज्योति मौर्या, परियोजना निदेशक प्रदीप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
