आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, मानदेय बढ़ाने के साथ पांच लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Major Relief for Anganwadi Workers and Helpers from the Chief Minister: Honorarium Hike Along with ₹5 Lakh Cashless Health Insurance IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं तथा महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के लिए अयोध्या स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह का मंगलवार को गाजियाबाद सहित प्रदेश के सभी जनपदों में सजीव प्रसारण किया गया। जनपद स्तर पर विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार तथा लोनी और मोदीनगर तहसील स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग नरेंद्र कश्यप और विशिष्ट अतिथि सदर विधायक संजीव शर्मा उपस्थित रहे। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने अतिथियों का स्वागत किया। विकास भवन पहुंचने पर राज्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। लोनी में विधायक नंदकिशोर गुर्जर और मोदीनगर में विधायक मंजू शिवाच की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ा, मिलेगा पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की। अब आंगनबाड़ी कार्यकत्री को 12 हजार रुपये और सहायिका को छह हजार रुपये मानदेय मिलेगा। साथ ही प्रदेश की सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा से आच्छादित करने की घोषणा की गई। घोषणा होते ही कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने तालियां बजाकर खुशी जताई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवीन टेक-होम राशन पर आधारित कॉफी टेबल पुस्तक का विमोचन किया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को साड़ी, नवनियुक्त कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र तथा उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया।

सुपोषित बच्चों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

सैम और मैम श्रेणी से बाहर आकर सामान्य पोषण स्थिति प्राप्त करने वाले बच्चों, उनके माता-पिता और संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत एवरेस्ट आधार शिविर अभियान में सफलता प्राप्त करने वाली तीन बालिकाओं का भी सम्मान किया गया।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञों और मुख्य सेविकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता चंद्रा, बाल विकास परियोजना अधिकारी पूनम राव, शारदा सहित मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और लाभार्थी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment