गाजियाबाद (शिखर समाचार)। बारिश के दौरान पुराने और जर्जर भवनों के ढहने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने ऐसे भवनों का चिन्हांकन शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त ने सभी जोन में जर्जर और अत्यधिक पुराने भवनों को चिन्हित करने के लिए कमेटी गठित की है। इसमें जोनल प्रभारी तथा निर्माण विभाग की टीम संयुक्त रूप से कार्रवाई करेगी।
भवन स्वामियों को दिए जा रहे नोटिस
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि वर्षा ऋतु में लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण पुराने तथा जर्जर भवनों के गिरने की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए निगम की टीम ऐसे भवनों का निरीक्षण कर उन्हें चिन्हित कर रही है। भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी कर अपनी संपत्तियों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही जर्जर भवनों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया है।
जोनल प्रभारी और निर्माण विभाग करेगा संयुक्त कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
सभी जोन के जोनल प्रभारी तथा निर्माण विभाग के सहायक अभियंता और अवर अभियंताओं को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि जर्जर भवनों के संबंध में भवन स्वामी और निर्माणकर्ता निगम की टीम का सहयोग करें, ताकि समय रहते संभावित हादसे को टाला जा सके।
जल निकासी के साथ भवनों की भी निगरानी
नगर निगम द्वारा बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ ही शहर में जर्जर और पुराने भवनों की निगरानी भी की जा रही है। ऐसे भवनों में रह रहे लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे अभियान की निगरानी मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी और निर्माण विभाग की टीम करेगी।
