हापुड़ (शिखर समाचार)। जनपद के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग व्यवस्था में बदलाव किया गया है। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा 7 सितंबर 2026 को जारी निर्देशों के अनुसार अब शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग का अंतराल समान रूप से 25 दिन निर्धारित कर दिया गया है। पूर्व में ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए यह अंतराल 45 दिन था।
अब 25 दिन बाद ही करा सकेंगे अगली रिफिल की बुकिंग
जिला पूर्ति अधिकारी हापुड़ ने बताया कि संशोधित व्यवस्था के तहत उपभोक्ता अपनी पिछली रिफिल बुकिंग के 25 दिन पूरे होने के बाद ही अगली रिफिल की बुकिंग करा सकेंगे। नई व्यवस्था शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं पर समान रूप से लागू होगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित अंतराल का ध्यान रखते हुए ही अगली रिफिल के लिए बुकिंग कराएं।
वितरकों को घर तक सिलेंडर पहुंचाने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिले में कार्यरत सभी एलपीजी वितरकों और विक्रय अधिकारियों को संशोधित व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं को सिलेंडर की घर तक आपूर्ति उपलब्ध कराने और निर्धारित मूल्य पर ही एलपीजी रिफिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को नई बुकिंग व्यवस्था की जानकारी देने के साथ ही वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखी जाए, जिससे किसी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
