अलीगढ़ (शिखर समाचार): यमुना प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों पर चलाया बुलडोजर, 450 करोड़ की जमीन कराई मुक्त
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को जनपद अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र स्थित ग्राम मरोरगढ़ी और आसपास के गांवों में बड़े स्तर पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान हरित वाटिका मरोरगढ़ी सहित अन्य अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों में करीब डेढ़ लाख वर्गमीटर भूमि पर किए गए निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 450 करोड़ रुपये है।
सीईओ के निर्देश पर हुई कार्रवाई, भारी पुलिस बल रहा तैनात
यह कार्रवाई यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने किया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी अभिषेक शाही, तहसीलदार मनोज कुमार सिंह, प्राधिकरण के परियोजना विभाग के अधिकारी और अलीगढ़ पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई।
अवैध कॉलोनियों पर आगे भी जारी रहेगा सख्त अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियां नियमों का उल्लंघन हैं और ऐसे निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी भूखंड या आवासीय परियोजना में निवेश करने से पहले उसकी वैधता की पुष्टि प्राधिकरण से अवश्य कर लें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जों, अनधिकृत कॉलोनियों के विकास और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्राधिकरण का उद्देश्य क्षेत्र में नियोजित और सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित करना है।
