——मंदिरों तक जाने वाले मार्ग गड्ढामुक्त, पेयजल की व्यवस्था और रामलीला मैदानों में विशेष सफाई अभियान शुरू
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नवरात्रि महोत्सव और आगामी त्योहारों को देखते हुए गाजियाबाद नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर शहर के प्रमुख मंदिरों, पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने, मंदिरों तक जाने वाले मार्गों को गड्ढामुक्त बनाने और पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंदिरों के आसपास सफाई, प्रकाश और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त
नगर निगम की ओर से मंदिरों के आसपास सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ जरूरत के अनुसार कूड़ेदान रखवाए जा रहे हैं। मंदिरों के बाहर और आसपास के मार्गों पर अंधेरा न रहे, इसके लिए प्रकाश व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण विभाग ने प्रमुख मंदिरों के साथ आंतरिक वार्डों में स्थित मंदिरों तक जाने वाले मार्गों पर भी गड्ढों की मरम्मत कर उन्हें सुगम बनाने का कार्य किया है। आवश्यकता के अनुसार पानी के टैंकरों के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था भी कराई गई है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर निगम के सभी संबंधित विभाग अभियान के रूप में कार्य कर रहे हैं। स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रामलीला मैदानों में विशेष टीमें तैनात, व्यवस्थाओं पर नगर निगम की नजर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
शहर में आयोजित रामलीलाओं को लेकर भी नगर निगम विशेष भूमिका निभा रहा है। रामलीला मैदानों में स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। मैदानों के आसपास सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सड़क की मरम्मत और आवश्यक सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। नगर निगम ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की है। निगम का उद्देश्य भक्ति के उत्सव के साथ शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना है।
