हापुड़ (शिखर समाचार)। सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। “लिव्ड एक्सपीरियंसेज हर्ड: रियल वॉइसेज, रियल चेंज” थीम पर निकाली गई इस रैली का मुख्य उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना और इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को समाप्त करना रहा।
550 विद्यार्थियों और 50 शिक्षकों ने रैली में लिया हिस्सा
रैली का शुभारंभ पिलखुवा के रामलीला मैदान से हुआ, जो मुख्य मार्गों से होते हुए अनवरपुर स्थित सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में 550 नर्सिंग व पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं और 50 शिक्षकों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर तनाव प्रबंधन और समय पर विशेषज्ञ सहायता लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम प्राचार्या प्रो. डॉ. आर. पिरामिला के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें उप-प्राचार्य केतन शर्मा, प्रो. अनीता रानी व एसोसिएट प्रोफेसर यशस्वी का विशेष योगदान रहा। मुख्य अतिथि के रूप में एएसपी हापुड़ उपस्थित रहे। इस दौरान सीओ पिलखुवा मुनीश चंद, सीआई लक्ष्मी कांत, ऋषि पाल सिंह, कृष्णराज और दीपक शर्मा मौजूद रहे।
मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समय पर मदद लेने पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्राचार्या प्रो. डॉ. पिरामिला ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य संपूर्ण स्वास्थ्य का अभिन्न हिस्सा है और समस्याओं के शुरुआती लक्षण पहचानकर बिना संकोच मदद लेनी चाहिए। वहीं सीआई लक्ष्मी कांत ने पुलिसकर्मियों के तनाव प्रबंधन पर विचार रखे। कार्यक्रम में ब्रिगेडियर डॉ. आर.के. सहगल, जीएम एन. वर्धराजन, रघुवर दत्त सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन लिजी चौधरी ने किया तथा आभार प्रो. आर. जयप्रिया ने व्यक्त किया।
