ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार): यमुना प्राधिकरण ने हटाया अवैध कब्जा, 250 करोड़ की जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को बड़ा प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान ग्राम चपरगढ़ और मिर्जापुर क्षेत्र की 60 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। प्राधिकरण ने करीब 50 हजार वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर अपने कब्जे में ले लिया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 250 करोड़ रुपये बताई गई है।
जेसीबी से ध्वस्त किए गए अवैध निर्माण, पुलिस बल रहा तैनात
यह कार्रवाई मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों के अनुसार संबंधित भूमि यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा अर्जित और कब्जा प्राप्त भूमि थी, जिस पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से निर्माण कर कब्जा कर लिया था।
प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया और भूमि को दोबारा प्राधिकरण के नियंत्रण में लिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
अवैध निर्माण और कॉलोनी विकास पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अभियान में उपजिलाधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी हरी प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी शिव अवतार सिंह सहित प्राधिकरण के परियोजना विभाग, भूलेख विभाग और प्रवर्तन दल के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अधिसूचित क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट, सार्वजनिक उपयोग की भूमि या अर्जित भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण अथवा अनधिकृत कॉलोनी विकसित करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियोजित विकास में बाधा डालने वालों के खिलाफ भविष्य में भी लगातार प्रवर्तन अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भूमि या भूखंड की खरीदारी से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
