बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार): बारिश से जलभराव के बाद प्रशासन ने संभाला मोर्चा, 13 गांवों में चलाया निकासी अभियान
क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई गांवों में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई। तालाबों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों और कई मकानों तक पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हुआ। हालात बिगड़ने के बाद ब्लॉक प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित गांवों में जल निकासी का विशेष अभियान शुरू किया।
खंड विकास अधिकारी सतीश कुमार और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) संजीव कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को युद्धस्तर पर राहत कार्य कराया गया, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली।
13 गांवों में लगाए गए बड़े पंप, अवरुद्ध नालियों की कराई गई सफाई
प्रशासन ने सबसे पहले उन गांवों को प्राथमिकता दी, जहां जलभराव की स्थिति अधिक गंभीर थी। अभियान के तहत खरड़, टोडा, कुरथल, टांडा माजरा, लुहसाना, विज्ञाना, परासौली, गढ़ी नौआबाद सहित कुल 13 गांवों में बड़े पंप लगाकर पानी की निकासी कराई गई।
इसके अलावा जिन स्थानों पर नालियां अवरुद्ध थीं, वहां सफाई कराकर जल प्रवाह को सुचारु किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी की और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जलभराव समाप्त होने तक लगातार चलेंगे पंप, ग्राम सचिवों को निगरानी के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
खंड विकास अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि जिन गांवों में अभी भी जलभराव की समस्या बनी हुई है, वहां स्थिति सामान्य होने तक पंप लगातार संचालित किए जाएंगे। उन्होंने सभी ग्राम सचिवों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
ब्लॉक प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से प्रभावित गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है और जनजीवन सामान्य करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
