हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया गया है। शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन के सभागार में मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति और प्रस्तावित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को स्वीकृत निर्माण कार्य समय से और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे करने के निर्देश दिए।
कुंभ मेला-2027 के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ मेले के लिए सड़कों, पुलों और घाटों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। निर्माण स्थलों पर श्रमिकों, मशीनरी और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और कार्यों में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान करने के निर्देश भी दिए।
गंग नहर की क्लोजर अवधि में घाटों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि इस अवधि का प्रभावी उपयोग करने के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार की जाए। निर्माण सामग्री, मशीनरी और श्रमिकों की व्यवस्था पहले ही सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि काम शुरू होने के बाद संसाधनों की कमी से देरी न हो। उन्होंने घाटों, पुलों और सड़कों के निर्माण में तेजी बनाए रखने के लिए लगातार काम कराने पर जोर दिया।
गुणवत्ता के साथ समय पर पूरी हों कुंभ की तैयारियां
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
आगामी त्योहारों को देखते हुए मंडलायुक्त ने श्रमिकों की संभावित कमी से निपटने के लिए अग्रिम व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गति बनाए रखने के लिए श्रमिकों और संसाधनों की उपलब्धता लगातार सुनिश्चित की जाए। साथ ही गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए निर्माण स्थलों पर श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यों में तेजी लाने के लिए दिन-रात काम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तैयारियों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हो सकें।
बैठक में आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी दीपक सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट और डीपी सिंह, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
