एचपीडीए का बड़ा एक्शन: 3 अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
HPDA Takes Major Action: Bulldozers Deployed Against 3 Illegal Colonies. IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

——-पिलखुवा में ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई, नवरात्र में 264 परिवारों को मिलेगा अपना घर

हापुड़ (शिखर समाचार)। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) ने एक तरफ जहाँ अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की, वहीं दूसरी तरफ आम जनता को त्योहारों का बड़ा तोहफा देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकानों का कब्जा सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, तीन स्थानों पर कार्रवाई

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

प्राधिकरण उपाध्यक्ष के कड़े निर्देशों के तहत पुलिस बल की मौजूदगी में प्रवर्तन दल और सचल दस्ते ने पिलखुवा क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर करीब 34,000 वर्ग मीटर (लगभग 8.4 एकड़) भूमि पर काटी जा रही अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह जमींदोज कर दिया।

प्राधिकरण की टीम ने ग्राम खेड़ा में सुखसागर उत्सव वाटिका के निकट रेलवे फाटक 85 एसी के पास इस्लाम, उस्मान, मूलचन्द, मदन और विकास चौधरी द्वारा बसाई जा रही लगभग 19,000 वर्ग मीटर की अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया। इसी स्थान के पास राजेंद्र अग्रवाल, अमरीश त्यागी और चाँद द्वारा विकसित की जा रही 5,000 वर्ग मीटर की अनाधिकृत कॉलोनी पर भी बुलडोजर चला दिया गया। इसके अलावा ग्राम डूहरी में स्टेलर वाटिका कॉलोनी के पास दिनेश यादव और राजीव द्वारा काटी जा रही लगभग 10,000 वर्ग मीटर की अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण ने आमजन को दोटूक चेतावनी दी है कि बिना नक्शा स्वीकृत कराए अवैध निर्माण न करें, अन्यथा नुकसान के जिम्मेदार वे खुद होंगे।

प्रधानमंत्री आवास योजना के 264 लाभार्थियों को मिलेगा कब्जा

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/’

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के साथ ही प्राधिकरण ने आवास आवंटियों को बड़ी राहत दी है। हिण्डालपुर में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 264 कमजोर आय वर्ग (ईडब्ल्यूएस) भवनों का निर्माण व आंतरिक विकास कार्य पूरा कर लिया गया है।

नवरात्र के पावन पर्व पर पात्र लाभार्थियों को भवनों का कब्जा हस्तांतरित किया जा रहा है। पहले चरण में उन लोगों को मकान की चाबी सौंपी जा रही है जिन्होंने तय समय पर अपनी पूरी रकम जमा कर दी है। वहीं बाकी बचे आवंटियों के लिए एकमुश्त समाधान योजना के तहत दंड ब्याज से शत-प्रतिशत छूट दी गई है। आवंटी अपनी बकाया किस्तों का भुगतान कर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेते ही तुरंत मकान पर कब्जा पा सकते हैं। प्राधिकरण ने आगामी दीपावली तक सभी 264 आवंटियों को उनके अपने आशियाने में शिफ्ट कराने का लक्ष्य रखा है।

Share This Article
Leave a comment