बिजनौर (शिखर समाचार)। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राशन कार्ड सत्यापन और पात्र लाभार्थियों पर जोर
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में राशन कार्ड धारकों का नियमित सत्यापन कराया जाए, ताकि अपात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड निरस्त कर केवल पात्र लाभार्थियों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राशन वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शेष राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कोटेदारों के माध्यम से लाभार्थियों को जागरूक कर शत-शत प्रतिशत ई-केवाईसी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
राशन वितरण और गुणवत्ता जांच पर सख्ती
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
जिलाधिकारी ने गोदामों से राशन का समयबद्ध उठान सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक माह निर्धारित तिथियों के भीतर सभी लाभार्थियों तक राशन पहुंचाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा सीधे लोगों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है, इसलिए वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है।
बैठक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को रोस्टर बनाकर नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंशिका दीक्षित, जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
