गाजियाबाद (शिखर समाचार)। बकरा ईद के दिन हुई 17 वर्षीय सूर्या की हत्या के मामले में थाना खोड़ा पुलिस ने 3 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने 2 संदिग्धों को भी हिरासत में लिया हुआ है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा इस हत्या का मुख्य आरोपी असद अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। सूर्या की हत्या के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। हिंदू संगठन से जुड़े लोग लगातार सूर्या के घर पहुंच रहे हैं और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
सूर्या के परिवार वालों ने भी “खून का बदला खून से” की मांग की है। लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए आला अधिकारी लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं और मौके पर बड़े पैमाने पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है, जिससे किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।
बीती 28 मई को सूर्या को चाकू मार दिया गया था, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। 29 मई को उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 5 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम के बाद सूर्या का शव परिजनों को सौंपा गया और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
तीन गिरफ्तार, दो फरार आरोपियों की तलाश जारी
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव न फैले।
उन्होंने बताया कि अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 2 अन्य फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।
