देहरादून (शिखर समाचार)। जनपद में शनिवार सुबह से हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। नागरिकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई दल सहित विभिन्न विभागों की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। संवेदनशील और जलभराव वाले स्थानों पर अधिकारियों को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जलभराव वाले क्षेत्रों में टीमें सक्रिय, मौके पर पहुंचकर हो रही कार्रवाई
जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी त्वरित कार्रवाई दल के नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों के साथ सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, यातायात पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जलभराव, जल निकासी व्यवस्था तथा यातायात की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। जहां भी जल निकासी में बाधा या आवागमन संबंधी समस्या सामने आ रही है, वहां संबंधित टीमों द्वारा तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान स्वयं बारिश की स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। फील्ड में तैनात अधिकारियों से नियमित रूप से अद्यतन जानकारी ली जा रही है। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
संवेदनशील स्थानों की निगरानी के निर्देश, लोगों से सावधानी की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बारिश के दौरान अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी करें। जलभराव, सड़क अवरोध या अन्य समस्या की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा जनसुविधा से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से जलभराव और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचें। किसी भी स्थान पर जलभराव, सड़क अवरोध अथवा अन्य समस्या दिखाई देने पर प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
