गाजियाबाद (शिखर समाचार)। भोजपुर विकासखंड के कनकपुर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकत्री उर्मिला के प्रयासों से 22 वर्षीय गर्भवती महिला सिमरन के स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति में सकारात्मक सुधार सामने आया है। गर्भावस्था के दौरान सिमरन एनीमिया से पीड़ित थीं और उनका वजन भी अपेक्षित रूप से नहीं बढ़ रहा था। आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने समस्या की पहचान कर महिला और उसके परिवार को पोषण, स्वास्थ्य जांच तथा गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया।
जांच में सामने आई एनीमिया और कम वजन की समस्या
क्षेत्र भ्रमण के दौरान उर्मिला ने पाया कि करीब चार माह की गर्भवती सिमरन का हीमोग्लोबिन लगभग आठ ग्राम था। इसके साथ ही गर्भावस्था के अनुरूप वजन में भी पर्याप्त वृद्धि नहीं हो रही थी। इसके बाद टीकाकरण कार्ड, वजन, ऊंचाई और स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट की जानकारी लेकर परिवार को नियमित जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया। घर के सर्वे के दौरान सामने आया कि परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के बावजूद गर्भावस्था में संतुलित और पौष्टिक आहार को लेकर पर्याप्त जागरूकता नहीं थी।
पोषण और नियमित देखभाल से वजन में हुआ सुधार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने सिमरन, उनके पति पवन कुमार और परिवार के अन्य सदस्यों को संतुलित भोजन तथा आवश्यक पोषक तत्वों की जानकारी दी। गोद भराई कार्यक्रम के माध्यम से भी गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार के महत्व को समझाया गया। सिमरन को आयरन की गोली नियमित लेने तथा आयरन के अवशोषण में सहायक विटामिन-सी युक्त खाद्य पदार्थ लेने की सलाह दी गई। पर्याप्त नींद, आराम और घरेलू कार्यों का अधिक बोझ नहीं डालने के लिए भी परिवार को जागरूक किया गया।
निरंतर निगरानी और परिवार के सहयोग से सिमरन का वजन 49 किलोग्राम से बढ़कर 55 किलोग्राम हो गया। विभाग के अनुसार अन्य स्वास्थ्य जांच भी संतोषजनक बताई गई हैं। हालांकि हीमोग्लोबिन के अंतिम स्तर को सत्यापित किया जाना बाकी है। सिमरन ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और सहयोग के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्री का आभार जताते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया। परिवार को सुरक्षित प्रसव के लिए आवश्यक आर्थिक तैयारी करने के लिए भी प्रेरित किया गया है।
