गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार)। थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम के संबंध में अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सोशल मीडिया पर ऐसी टिप्पणी की, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने की शिकायत सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
भगवान श्रीराम पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुर कुमार पुत्र चमन सिंह निवासी ग्राम चांदनेर, थाना बहादुरगढ़, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को प्रभावित करने वाली आपत्तिजनक अथवा अमर्यादित सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई, सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शीशपाल भारद्वाज, उपनिरीक्षक अनुरोध कुमार तथा कांस्टेबल प्रिंस शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री साझा करने से बचने की अपील की है।
