दादरी (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के प्रशासनिक क्षेत्र में आने वाले ग्राम अच्छेजा में पिछले कई दिनों से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मरम्मत और रोस्टिंग के नाम पर रोजाना घंटों बिजली काटी जा रही है। 24 घंटे के दौरान मुश्किल से 10 से 11 घंटे ही विद्युत आपूर्ति मिल पा रही है।
अच्छेजा गांव में बिजली संकट, बार-बार ट्रिपिंग से लोग परेशान
ग्रामीणों के अनुसार बिजली आने के बाद भी समस्या खत्म नहीं होती। आपूर्ति के दौरान हर पांच से दस मिनट में बिजली ट्रिप होने से घरेलू कामकाज से लेकर दुकानों और अन्य गतिविधियों पर असर पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बच्चों, बुजुर्गों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राधिकरण क्षेत्र में होने के बावजूद उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों जैसी अनियमित विद्युत कटौती झेलनी पड़ रही है।
बिश्नोली बिजलीघर पर लापरवाही का आरोप, घेराव की चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अच्छेजा गांव की विद्युत आपूर्ति बिश्नोली बिजलीघर से होती है। स्थानीय प्रतिनिधियों का कहना है कि बिश्नोली बिजलीघर से जुड़े क्षेत्र में बड़ी आबादी निवास करती है, इसके बावजूद विद्युत व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर बिजलीघर की तकनीकी कमियों को दूर कराने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द विद्युत आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो वे बिश्नोली बिजलीघर का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे।
